अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की महत्वाकांक्षी योजना ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ के तहत ब्यावर जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला कलेक्टर कमल राम मीणा के विशेष निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा दल ने एक ट्रांसपोर्ट पर छापा मारकर भारी मात्रा में संदिग्ध तेल सीज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा दल ने सिटी पुलिस थाने के जाब्ते के साथ अरोड़ा ट्रांसपोर्ट पर दबिश दी। यहाँ न्यू पाली स्वास्तिक फर्म द्वारा बिजयनगर भिजवाए जा रहे ‘स्वास्तिक मूंगफली तेल’ की खेप को रुकवाया गया। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तेल के सैंपल लिए और 15-15 किलो के 30 टिन (कुल 450 किलो तेल) को सीज कर दिया। संबंधित दुकानदार को मौके पर पाबंद किया गया है कि लैब रिपोर्ट आने तक वह इस माल की बिक्री नहीं कर सकेगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने बताया कि आगामी शादियों और त्योहारों के सीजन को देखते हुए जिले में यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। अगले चरण में तेल निर्माताओं, हलवाई, बेकरी, डेयरी और होटलों की बारीकी से जांच की जाएगी। आज लिए गए सैंपल को जांच के लिए अजमेर लैब भेजा गया है, जहाँ से रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
