दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।जिले में मानसूनी बारिश का असर अब जल स्रोतों पर भी दिखाई देने लगा है। सावर उपखंड की ग्राम पंचायत गोरधा स्थित बिसुन्दनी बांध में लगातार हो रही बारिश के बाद जलस्तर बढ़ने लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को बांध में 1 मीटर पानी दर्ज किया गया। सीजन की पहली अच्छी बारिश से बांध में पानी की आवक शुरू होने पर आसपास के किसानों में खुशी का माहौल है।
बिसुन्दनी बांध क्षेत्र के हजारों बीघा कृषि क्षेत्र के लिए जीवनदायिनी भूमिका निभाता है। बांध में पानी भरने से जहां दो मुख्य नहरों के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होता है, वहीं आसपास के कुओं और भूजल स्तर में भी बढ़ोतरी होती है। बांध की कुल भराव क्षमता 3.27 मीटर है।
कांग्रेस नेता सांवर लाल मीणा ने बताया कि डेम में पानी की आवक से कमांड एरिया सहित छोटे और सीमांत किसान परिवारों को बड़ा लाभ मिलेगा। पहली ही बारिश में जलस्तर बढ़ने से किसानों में खासा उत्साह है और अच्छी फसल की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष बिसुन्दनी बांध पर करीब दो महीने तक चादर चलने से चिकल्या और लोधा का झोपड़ा गांवों का संपर्क बाधित हो गया था। इस समस्या को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम ने गोरधा–चिकल्या तथा चिकल्या–पिपलाज मार्ग पर लगभग 2.25 करोड़ रुपये की लागत से दो बड़ी पुलियों के निर्माण की घोषणा कर बजट स्वीकृत कराया, जिससे भविष्य में बरसात के दौरान ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
