प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, सेवा कार्यों को किया याद
स्मार्ट हलचल, चित्तौड़गढ़। स्वर्गीय राहुल गुर्जर की प्रथम पुण्यतिथि पर उनके मित्रों द्वारा आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में सेवा और मानवता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। शिविर में 207 यूनिट रक्तदान कर रक्तवीरों ने राहुल गुर्जर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय राहुल गुर्जर की दोनों भतीजियों ने दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी रक्तदाताओं एवं मित्रों ने राहुल गुर्जर के समाजसेवा से जुड़े कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
आयोजन समिति के मुख्य सदस्य गौरव त्यागी ने बताया कि राहुल गुर्जर की प्रथम पुण्यतिथि को सेवा के रूप में यादगार बनाने के उद्देश्य से उनके मित्रों द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। स्व. राहुल के बड़े भाई नवीन गुर्जर ने कहा कि 207 यूनिट रक्तदान इस बात का प्रमाण है कि राहुल ने अपने जीवन में समाजसेवा और मित्रता के माध्यम से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया था। उन्होंने बताया कि राहुल गुर्जर विभिन्न सामाजिक एवं हिंदू संगठनों में सक्रिय रहकर लगातार जनसेवा के कार्यों से जुड़े रहे।
शिविर में सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, परिवारजनों एवं मित्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को महादान बताया। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री हर्षवर्धन सिंह रूद, रघु शर्मा, पूर्व जिला महामंत्री कमलेश पुरोहित, तारा देवी धाकड़, शैलेंद्र शर्मा, प्रशांत शर्मा, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, पीएमओ दिनेश वैष्णव, पवन शर्मा, प्रमोद सिसोदिया, अनिल इनानी, रवि विरानी, दीपक शर्मा, सागर चौधरी, शिल्पन साहू, कैलाश गुर्जर, यूआईटी सचिव, संदीप गोचर, पूर्व सभापति संदीप शर्मा, पार्षद सिमरप्रीत, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुरेश गाडरी, विहिप जिलाध्यक्ष किशन पिछोलिया, जिला मंत्री चंद्रशेखर सोनी, योगेश दशोरा, मुकेश नाहटा, प्रदीप काबरा, हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक श्रवण सोनी, सहसंयोजक गोपाल शर्मा, पूर्व सभापति रमेश नाथ योगी, नवरतन जीनगर सहित बड़ी संख्या में राहुल मित्र मंडल के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर के समापन पर आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित के ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
