42 सदस्यीय टीम ने समाज सेवा का लिया संकल्प, जनहित परियोजनाओं का हुआ शुभारंभ
दीप्ति राजावत ने संभाली कमान, सेवा और समर्पण को बनाया कार्यकाल का आधार
समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सेवा का लाभ, यही रोटरी का उद्देश्य : प्रज्ञा मेहता
कोटा। स्मार्ट हलचल।समाज सेवा को नई दिशा और गति देने के संकल्प के साथ रोटरी क्लब पद्मिनी के स्थापना एवं पदभार ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में 42 सदस्य नई कार्यकारिणी ने समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ ली।
समारोह की मुख्य अतिथि अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) कृष्णा शुक्ला ने क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए क्लब को जनहित से जुड़े नए प्रकल्पों पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही राजस्थान समान नागरिक संहिता-2026 के प्रारूप पर नागरिकों से सुझाव देने का आह्वान करते हुए कहा कि संविधान की मूल भावना के अनुरूप समानता, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और विधिक स्पष्टता को सुदृढ़ बनाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने कॉलर एक्सचेंज के साथ पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही क्लब ने महिला स्वास्थ्य और बालिका शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए दो राजकीय बालिका विद्यालय न्यू कॉलोनी गुमानपुरा व कोटडी में छात्राओं की सुविधा के लिए सेनेटरी वेंडिंग मशीनें भेंट कीं। आर्थिक रूप से कमजोर कक्षा 12वीं की एक छात्रा की संपूर्ण शिक्षा का दायित्व भी क्लब ने अपने हाथों में लिया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्लब के सिलाई केंद्र में तैयार कपड़े के थैलों का वितरण किया गया, जिससे प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया गया।
दीप्ति राजावत ने बताया कि उनके कार्यकाल में सेवा, समर्पण, शिक्षा, चिकित्सा, महिला सशक्तिकरण, अन्नपूर्णा अभियान और पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखकर स्थायी सेवा परियोजनाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण से पूर्व ही क्लब 130 चिकित्सकों एवं सीए का सम्मान कर चुका है तथा 150 पौधों का रोपण किया जा चुका है। वर्षा ऋतु में 500 पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
गेस्ट आॅफ आॅनर पूर्व प्रांतपाल प्रज्ञा मेहता ने कहा कि किसी भी रोटरी क्लब की पहचान उसके सदस्यों की संख्या या भव्य आयोजनों से नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने वाली सेवा से होती है। उन्होंने कहा कि रोटरी का प्रत्येक पदाधिकारी यह याद रखे कि पद का कार्यकाल सीमित हो सकता है, लेकिन सेवा का संकल्प आजीवन होना चाहिए। टीम भावना से किए गए कार्य ही स्थायी और प्रभावी सामाजिक परिवर्तन का आधार बनते हैं।
समारोह का प्रमुख आकर्षण नवगठित 42 सदस्यीय कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रहा, जिसमें सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समाज सेवा, नैतिक मूल्यों और मानवीय सरोकारों के प्रति समर्पित रहकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि गत वर्ष क्लब को समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए 20 सम्मान प्राप्त हुए। इस अवसर पर असिस्टेंट गवर्नर ने क्लब के नए सदस्य को रोटरी की सदस्यता की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम का संचालन शशि अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष मोनिका नुवाल ने किया। अंत में क्लब सचिव डॉ. प्रीति शर्मा ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। समारोह में संस्थापक अध्यक्ष कमला गौड़, वरिष्ठ सदस्य गुरप्रीत आनंद, उपाध्यक्ष मंजू यादव, कोषाध्यक्ष सोनिया लाखोटिया, पूर्व सचिव अमिता माहेश्वरी, रश्मि दाधीच सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन उपस्थित रहे।
