सुरज वर्मा
स्मार्ट हलहल|शाहपुरा 9 जुलाई शहर के भीलवाड़ा रोड स्थित रायपुर चौराहे पर गुरुवार को एक रोडवेज बस और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में सोहेल खान (22 वर्ष), पुत्र अजगर खान एवं शोएब अंसारी (21 वर्ष), पुत्र खाजू अंसारी, दोनों निवासी शाहपुरा, घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तुरंत शाहपुरा के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया।चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शोएब अंसारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय, भीलवाड़ा रेफर कर दिया, जबकि सोहेल खान का उपचार शाहपुरा के राजकीय चिकित्सालय में जारी है।दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा रायपुर चौराहे पर हुआ, हालांकि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए रायपुर चौराहे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सुचारु कराया गया। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
