शिक्षक के तबादले पर बिफरे विद्यार्थी, स्कूल पर ताला जड़ किया प्रदर्शन

(रमेश चन्द डाड)

​आकोला|स्मार्ट हलहल|जिले के ​कोटड़ी क्षेत्र के लसाड़िया गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक शिक्षक के स्थानांतरण को लेकर गुरुवार सुबह छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। शिक्षकों के तबादले की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में आक्रोशित विद्यार्थी सुबह करीब आठ बजे स्कूल पहुंचे और मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़कर धरने पर बैठ गए। विद्यार्थियों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थानांतरण आदेश को तुरंत निरस्त करने की मांग की।

*​30 किमी दूर हुआ ट्रांसफर, पढ़ाई प्रभावित होने का डर*

​दरअसल, विभाग द्वारा बुधवार को विद्यालय से तीन शिक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए गए थे। इनमें हिंदी और संस्कृत विषय पढ़ाने वाले शिक्षक हेमराज सिंह राठौड़ का ट्रांसफर लसाड़िया से करीब 30 किमी दूर बड़ा महुआ स्कूल में कर दिया गया। विद्यार्थियों का कहना है कि हेमराज सिंह बेहतर शिक्षक है। बोर्ड परीक्षाओं के इस सत्र में अचानक उनके जाने से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी।

*​समझाइश के प्रयास रहे बेअसर, जिद पर अड़े बच्चे*

​मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय की संस्था प्रधान ममता और अन्य स्टाफ ने आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं को समझाने का काफी प्रयास किया। अधिकारियों को सूचना दिए जाने का भरोसा भी दिलाया गया, लेकिन बच्चे अपनी मांग को लेकर अड़े रहे। सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हुआ यह गतिरोध लंबे समय तक जारी रहा, जिससे स्कूल का शैक्षणिक कार्य पूरी तरह ठप हो गया।

*​छात्र – छात्राओं ने दी आंदोलन की चेतावनी*

​धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि चाहे चार दिन लगे या पांच दिन, जब तक उनके पसंदीदा शिक्षक को वापस इसी स्कूल में नियुक्त नहीं किया जाता, वे मुख्य द्वार से नहीं हटेंगे। अपनी मांग के समर्थन में बच्चों ने आगे चलकर भूखे-प्यासे रहकर भूख हड़ताल शुरू करने का भी एलान किया है। वहीं प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर समाधान निकालने की मांग की जाती रही।