बूंदी- स्मार्ट हलहल|जिले के सीतापुरा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। जवाहर नवोदय विद्यालय, बूंदी के प्राचार्य ने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति, मुख्यालय नोएडा के दिशा-निर्देशों के अनुसार रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरवाए जा रहे हैं। इच्छुक विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी का जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां शामिल) के मध्य होना अनिवार्य है। इसके साथ ही, विद्यार्थी का वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-2027 में जिले में संचालित किसी भी सरकारी या गैर-सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5 में अध्ययनरत होना आवश्यक है। विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। यह चयन परीक्षा 28 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।
उन्होंने जिले में कक्षा 5 में पढ़ रहे सभी विद्यार्थियों से इस प्रवेश परीक्षा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि नवोदय विद्यालय का परीक्षा परिणाम पूरे भारतवर्ष में सर्वश्रेष्ठ रहता है। उन्होंने बताया कि आवासीय सह-शिक्षा के साथ-साथ बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था है। विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा, आवास और भोजन प्रदान किया जाता है। इसके अलावा, प्रवजन योजना के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान, खेलकूद, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड्स, संगीत, नृत्य व अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास सुनिश्चित किया जाता है।
आवेदन पत्र भरने में यदि किसी भी प्रकार की समस्या आती है या अतिरिक्त जानकारी चाहिए, तो विद्यालय द्वारा जारी किए गए हेल्पडेस्क नंबर 9468508374 पर संपर्क किया जा सकता है।
