कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के नेतृत्व और सीएमएचओ डॉ. ओ पी सामर की मॉनिटरिंग में मिली ऐतिहासिक सफलता, 11 जुलाई को राज्य स्तर पर होगा सम्मान
बूंदी,स्मार्ट हलहल|जनसंख्या स्थिरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए बूंदी जिले ने राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवाएं निदेशालय, राजस्थान द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए घोषित प्रोत्साहन पुरस्कारों में बूंदी जिले ने पूरे प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
इस सफलता में जिला कलेक्टर श्री हरफूल सिंह यादव के कुशल मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ पी सामर की प्रभावी मॉनिटरिंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसके चलते जिले ने जनसंख्या स्थिरता के मानकों पर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
विशेष रूप से तालेड़ा ब्लॉक ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर ‘आशान्वित ब्लॉक’ का खिताब हासिल किया है, वहीं ठीकरीया कलां ग्राम पंचायत (पंचायत समिति तालेड़ा) ने राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले को नई पहचान दिलाई है।
निदेशालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 11 जुलाई को ‘विश्व जनसंख्या दिवस’ के अवसर पर “जब बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” थीम के साथ राज्य स्तरीय वर्चुअल समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री द्वारा चयनित जिलों एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
सम्मानित होने वाली प्रमुख उपलब्धियां:
जिला बूंदी – राज्य स्तर पर 10वां स्थान (प्रशस्ति पत्र)
आशान्वित ब्लॉक तालेड़ा – प्रथम स्थान (₹2 लाख एवं प्रशस्ति पत्र)
ग्राम पंचायत ठीकरीया कलां – तृतीय स्थान (₹3 लाख एवं प्रशस्ति पत्र)
पीएचसी लक्ष्मीपुरा सहित जावटीकलां, जैतपुरा, चतरगंज एवं सुमण्डी ग्राम पंचायतें – जिला स्तरीय सम्मान सूची में शामिल इस गौरवमयी उपलब्धि पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे टीमवर्क और मजबूत जमीनी कार्यप्रणाली का परिणाम बताया है। कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने जिलेवासियों एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त ग्राउंड स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
वहीं सीएमएचओ डॉ. सामर ने इस सफलता का श्रेय चिकित्सा विभाग की पूरी टीम को देते हुए बताया कि सुदृढ़ मॉनिटरिंग, प्रभावी क्रियान्वयन और सटीक सांख्यिकी मूल्यांकन के चलते यह परिणाम संभव हो पाया है।
इस उपलब्धि में एडिशनल सीएमएचओ डॉ. कमलेश शर्मा, जिला सांख्यिकी अधिकारी सत्यवान शर्मा, विश्वेन्द्र सिंह टिंकर, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, सुनीत शर्मा नर्सिंग स्टाफ, एएनएम, सीएचओ एवं सभी ब्लॉक स्तर के कार्मिकों का विशेष योगदान रहा है।
जिला स्तर पर भी होगा भव्य आयोजन
11 जुलाई को जिला कलेक्टर परिसर स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से सभी संबंधित अधिकारी वर्चुअल समारोह से जुड़ेंगे। साथ ही जिला स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित कर उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं एवं कार्मिकों को सम्मानित किया जाएगा।
