अनिल कुमार
ब्यावर/स्मार्ट हलहल|इंसानियत और ईमानदारी आज भी जिंदा है, इसका एक जीवंत उदाहरण जिला ब्यावर के पुलिस थाना बार में देखने को मिला। यहाँ एक सजग और ईमानदार नागरिक पप्पूलाल नायक ने सड़क पर मिले 4 लाख रुपए की नकदी को उसके असली मालिक तक पहुँचाकर समाज के सामने ईमानदारी की एक अनूठी मिसाल पेश की है।
क्या था पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ईद मोहम्मद (43) पुत्र नूर मोहम्मद, निवासी हीरा का बाडिया, ब्यावर से अपनी ट्रक गाड़ी का किराया ₹04 लाख लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में रुपयों से भरी काले रंग की थैली कहीं गिर गई। काफी तलाशने के बाद भी जब थैली नहीं मिली, तो पीड़ित ईद मोहम्मद ने बार थाने में एक परिवाद दर्ज करवाया।
पुलिस की मुस्तैदी और सीसीटीवी की मदद:
मामले की गंभीरता को देखते हुए बार थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। थानाधिकारी और आसूचना अधिकारी राजूराम ने ब्यावर से बदनोर तक नेशनल हाईवे 158 पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान जसवंतपुरा टोल प्रबंधक प्रतापसिंह के सहयोग से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल चालक का हुलिया सामने आया, जिसकी पहचान पप्पूलाल नायक (40) पुत्र भंवरलाल, निवासी नसीहपुरा (नायकों का बाडिया) के रूप में हुई।
खुद मालिक को ढूंढ रहे थे पप्पूलाल:
जब पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो सामने आया कि पप्पूलाल को बीती 6 जुलाई को जसवंतपुरा टोल के पास यह रुपयों से भरी थैली मिली थी। पप्पूलाल ने रुपयों को अपने पास रखने के बजाय खुद आस-पास के गांवों में इसके असली मालिक की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन उन्हें कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
थाने में सौंपी अमानत:
सच सामने आने के बाद आज (10 जुलाई) पप्पूलाल नायक ने पुलिस थाना बार पहुंचकर थानाधिकारी की मौजूदगी में प्रार्थी ईद मोहम्मद को उनके खोए हुए ₹04 लाख सकुशल सुपुर्द कर दिए। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर ईद मोहम्मद के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पप्पूलाल सहित बार थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया।
थानाधिकारी का संदेश:
“पप्पूलाल नायक का यह कृत्य बेहद सराहनीय और अनुकरणीय है। आज के समय में ऐसी ईमानदारी विरली ही देखने को मिलती है। ब्यावर पुलिस उनके इस जज्बे को सलाम करती है।”
