3 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा डोडा तस्करी का आरोपी, नाकेबंदी तोड़ पुलिस पर चढ़ाई थी कार

2023 में तत्कालीन थानाधिकारी उगमाराम बेनीवाल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान हुआ था हमला, उसी रात 98 किलो डोडा चूरा भी हुआ था बरामद

बिजोलिया। करीब तीन साल पहले बिजोलिया थाना क्षेत्र में पुलिस की नाकेबंदी तोड़कर पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गुरविंदर सिंह उर्फ मिन्टू उर्फ मिन्टा (38) निवासी कांगथला (रहीमपुर), थाना पातड़ा, जिला पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, आपराधिक षड्यंत्र और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था।

थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि जून 2023 में दर्ज इस प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ धारा 353, 307, 34, 120-बी भारतीय दंड संहिता तथा 3/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब का सजायाफ्ता अपराधी है। इस प्रकरण में इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।

तत्कालीन थानाधिकारी उगमाराम बेनीवाल के नेतृत्व में लगी थी नाकेबंदी

पुलिस के अनुसार यह पूरा घटनाक्रम जून 2023 का है। उस समय तत्कालीन बिजोलिया थानाधिकारी उगमाराम बेनीवाल के नेतृत्व में केसरगंज कट पर संदिग्ध वाहनों की सघन नाकेबंदी की जा रही थी। इसी दौरान लाड़पुरा की ओर से जयपुर नंबर की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय नाकेबंदी में तैनात पुलिसकर्मियों पर ही कार चढ़ाने का प्रयास कर दिया। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और आरोपी तेज रफ्तार से नाकेबंदी तोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद तत्कालीन थानाधिकारी उगमाराम बेनीवाल ने पुलिस पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, नाकेबंदी तोड़ने तथा अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया था।

डाबी पुलिस ने घेरा, कार छोड़कर जंगल में भागे तस्कर

घटना की सूचना तत्काल बूंदी जिले के डाबी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डाबी थाना पुलिस ने सूतड़ा गांव के पास ए-श्रेणी की नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद तेज रफ्तार स्विफ्ट कार वहां पहुंची, लेकिन पुलिस को सामने देखकर आरोपी घबरा गए और कार सड़क पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गए।

डाबी पुलिस ने देर रात तक जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।

कार से बरामद हुआ था 98 किलो डोडा चूरा

पुलिस ने जब संदिग्ध कार की तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक के कट्टों में भरा 98 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद डाबी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जबकि बिजोलिया थाना पुलिस ने पुलिस पर जानलेवा हमला और नाकेबंदी तोड़ने के मामले में अलग प्रकरण दर्ज किया था।

तीन साल तक बचता रहा आरोपी, आखिरकार गिरफ्तार

घटना के बाद से आरोपी गुरविंदर सिंह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई तलाश के बाद पुलिस ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में डोडा तस्करी गिरोह और इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।