जनजातीय विकास, आजीविका संवर्धन और वन धन योजनाओं के विशेषज्ञ को मिली नई जिम्मेदारी, संगठन के राष्ट्रीय विस्तार को मिलेगी गति
जयपुर। स्मार्ट हलहल|जनजातीय समाज के उत्थान, अधिकारों की रक्षा और राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक मजबूती के उद्देश्य से कार्यरत राष्ट्रीय आदिवासी एकता मंच ने ट्राइफेड (जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार) के पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक चेता राम मीणा को संगठन का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है। संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा लिए गए इस निर्णय को जनजातीय समाज के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और जनजातीय विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों से संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी।
चेता राम मीणा ने वर्ष 1989 से 2025 तक ट्राइफेड में लगातार 36 वर्षों तक सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक प्रबंधक और विभागाध्यक्ष (राज्य) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए जनजातीय कल्याण, आजीविका संवर्धन और प्रशासनिक कार्यों का सफल नेतृत्व किया। उन्होंने राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना सहित देश के अनेक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में जनजातीय विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
चेता राम मीणा का कार्यक्षेत्र केवल कुछ राज्यों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने दिल्ली, गोवा, ओडिशा, मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, दादरा एवं नगर हवेली एवं दमन-दीव, राजस्थान और कर्नाटक सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में जनजातीय समुदायों के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के संचालन, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और विपणन गतिविधियों का नेतृत्व किया।
अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने वन धन विकास केंद्रों (VDVKs) के विस्तार, लघु वनोपज (एमएफपी) के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, जनजातीय स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने तथा जनजातीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व में सैकड़ों वन धन विकास केंद्रों को प्रशिक्षण, उत्पाद मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार उपलब्ध कराने जैसे कार्य किए गए। उन्होंने Tribes India के माध्यम से जनजातीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के साथ-साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री जनमन (PM-JANMAN), पीएमवीडीवाई, जनजातीय हस्तशिल्प विकास, उद्यमिता प्रोत्साहन, कौशल विकास तथा आजीविका संवर्धन से जुड़ी अनेक योजनाओं के सफल संचालन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने केंद्र सरकार, विभिन्न राज्य सरकारों, सहकारी संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और विकास एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर जनजातीय विकास कार्यक्रमों को नई मजबूती प्रदान की।
राष्ट्रीय आदिवासी एकता मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि चेता राम मीणा का प्रशासनिक अनुभव, जनजातीय समाज की समस्याओं की गहरी समझ और संगठनात्मक क्षमता मंच को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। उनके नेतृत्व में संगठन शिक्षा, रोजगार, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, सामाजिक एकता, आर्थिक सशक्तिकरण तथा जनजातीय युवाओं और महिलाओं के विकास से जुड़े मुद्दों पर और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।
राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी मिलने पर चेता राम मीणा ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे देशभर के जनजातीय समाज को एकजुट कर उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य जनजातीय समाज की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाना तथा विकास की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उनकी नियुक्ति पर राष्ट्रीय आदिवासी एकता मंच के पदाधिकारियों, विभिन्न राज्यों के सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रबुद्धजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन जनजातीय समाज के हितों की रक्षा और समग्र विकास के लिए देशव्यापी अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
