संस्कृत विद्यालय में देर रात तोड़फोड़, फर्नीचर व अन्य सामान क्षतिग्रस्त

संस्कृत विद्यालय में देर रात तोड़फोड़, फर्नीचर व अन्य सामान क्षतिग्रस्त

विद्यालय प्रशासन ने पुलिस को दी सूचना, टूटी चारदीवारी को लेकर पहले भी कराया था अवगत

खजूरी, स्मार्ट हलचल। उप तहसील मुख्यालय खजूरी स्थित राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने पर अमरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।विद्यालय प्रशासन के अनुसार रात के समय विद्यालय परिसर में घुसे अज्ञात लोगों ने फर्नीचर, लाइट, सूचना बोर्ड, खिड़कियों सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। प्रारंभिक स्तर पर घटना को नशे की हालत में की गई शरारत माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने अमरगढ़ पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यालय की पिछली चारदीवारी काफी समय से क्षतिग्रस्त है। इस संबंध में पूर्व में सीबीईओ कार्यालय को भी अवगत कराया गया था। अधिकारियों द्वारा 30 जून 2026 को निरीक्षण भी किया गया, लेकिन अब तक चारदीवारी की मरम्मत नहीं होने से विद्यालय की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। प्रशासन का कहना है कि इसी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व विद्यालय परिसर में घुस गए।

विद्यालय प्रशासन ने दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा विद्यालय की टूटी चारदीवारी का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।