तीसरी मंजिल तक सीढ़ियां चढ़ने को मजबूर बुजुर्ग व गंभीर मरीज, अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल
लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल|जिला अस्पताल मोतीपुर (ओयल) में पिछले दो दिनों से लिफ्ट खराब होने के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की तीसरी मंजिल तक पहुंचने के लिए लोगों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे बुजुर्ग, दिव्यांग और गंभीर मरीजों की मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं।जानकारी के अनुसार, रविवार को लिफ्ट अचानक खराब हो गई थी। साप्ताहिक अवकाश होने के कारण लोगों को उम्मीद थी कि सोमवार तक इसे दुरुस्त कर दिया जाएगा, लेकिन सोमवार को भी लिफ्ट चालू नहीं हो सकी। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों को दवा, भोजन और जांच रिपोर्ट लाने के लिए दिनभर सीढ़ियों से ऊपर-नीचे आना पड़ा।
तीसरी मंजिल पर भर्ती मरीजों के परिजनों ने बताया कि बार-बार सीढ़ियां चढ़ने-उतरने से सांस फूलने लगती है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, दिव्यांगों और महिलाओं को हो रही है। वहीं गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के सहारे सीढ़ियों से ऊपर ले जाना अस्पताल कर्मियों और परिजनों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है।
अस्पताल आने वाले लोगों का कहना है कि जिला अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में लिफ्ट जैसी आवश्यक सुविधा का दो दिनों तक बंद रहना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। यदि समय रहते तकनीकी खराबी दूर कर दी जाती, तो मरीजों और तीमारदारों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
स्थानीय लोगों और तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन से लिफ्ट को तत्काल ठीक कराने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
