पुनित चपलोत
भीलवाड़ा में पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले की कोटड़ी तहसील के पारोली निवासी 77 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने ही कलयुगी बेटे और बहू पर मारपीट, प्रताड़ना और संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है। अत्याचारों से परेशान बुजुर्ग ने बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित उदयलाल खाती ने बताया कि उसका पुत्र देवकिशन सुथार और पुत्रवधू सदू देवी आए दिन उसके साथ मारपीट करते हैं। उनका आरोप है कि पूर्व में बेटे द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई के कारण उनकी दाहिनी आंख की रोशनी पूरी तरह चली गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले आरोपी ने अपने दादा हीरालाल के सिर पर डंडे से हमला किया था, जिसके कुछ समय बाद उनकी मृत्यु हो गई।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी बेटे ने जबरन उनका मकान, जमीन और आरा मशीन अपने कब्जे में ले ली तथा उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। इतना ही नहीं, पेंशन या मजदूरी के जो पैसे उन्हें मिलते हैं, बेटा उन्हें भी छीन लेता है। विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी जाती है। बीच-बचाव करने पर पोते घनश्याम को भी प्रताड़ित किया जाता है।
पीड़ित बुजुर्ग का आरोप है कि पारोली थाने में उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपी बेटे-बहू के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
