हॉस्टल से घर के लिए निकला था छात्र जसराम, बूंदी बस स्टैंड पर हुआ गायब

—–>5 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली परिजनों में दहशत – सिटी कोतवाली पुलिस पर लापरवाही का आरोप।

महेंद्र कुमार सैनी

नगर फोर्ट:स्मार्ट हलचल/उपखंड उनियारा क्षेत्र के चोरू गांव निवासी 18 वर्षीय छात्र के बूंदी बस स्टैंड से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि सिटी कोतवाली थाना बूंदी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के 5 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रहलाद धाकड़ पुत्र छोटूलाल धाकड़ निवासी चोरू, जिला टोंक ने रिपोर्ट में बताया कि उसका पुत्र जसराम धाकड़ बूंदी स्थित श्री श्याम हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है। 11 जुलाई 2026 को सुबह करीब 6 बजे वह हॉस्टल से अपने घर चोरू आने के लिए निकला था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा।परिजनों ने बताया कि उसी दिन हॉस्टल संचालक राजेंद्र धाकड़ ने फोन कर पूछा कि क्या जसराम घर पहुंच गया है। परिवार के मना करने पर उसकी तलाश शुरू की गई।जांच में सामने आया कि जसराम के साथ हॉस्टल का एक अन्य छात्र भी निकला था जो नैनवां क्षेत्र का रहने वाला है। उस छात्र ने बताया कि वह तो बूंदी बस स्टैंड से नैनवां जाने वाली बस में बैठ गया था, जबकि जसराम अपनी बस का इंतजार कर रहा था। इसके बाद से जसराम का कहीं कोई पता नहीं चला।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने रिश्तेदारों सहित सभी संभावित जगहों पर तलाश कर ली है, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई धीमी होने से परिवार में रोष है। परिवार ने पुलिस अधीक्षक से जल्द से जल्द छात्र को तलाशने की गुहार लगाई है।