एक साल पहले हुआ था वर्चुअल उद्घाटन,अब शुरू हुआ संचालन तो खुलीं निर्माण और व्यवस्थाओं की पोल,छात्र करेंगे पैदल मार्च कर सौंपेंगे ज्ञापन
हमीरगढ़।करीब 4 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हमीरगढ़ राजकीय जनरल कॉलेज भवन तैयार होने के बाद भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में लगभग एक वर्ष तक अधर में लटका रहा।प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 20 दिसंबर 2025 को मांडलगढ़ प्रवास के दौरान कॉलेज भवन का वर्चुअल उद्घाटन किया था,लेकिन आवश्यक सुविधाएं पूरी नहीं होने से भवन का उपयोग शुरू नहीं हो सका।आखिरकार कॉलेज प्रबंधन और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के बीच औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 जुलाई 2026 से नए भवन में शिक्षण कार्य शुरू किया गया।इससे पहले 2022 से 2026 तक कॉलेज का संचालन टापरिया खेड़ा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के केवल दो कमरों में किया जाता रहा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने किया निरीक्षण,सामने आई कई खामियां
गत सप्ताह भाजपा मंडल अध्यक्ष भेरूलाल प्रजापत के नेतृत्व में करीब 10 लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सामने आई व्यवस्थाओं ने सभी को चौंका दिया।प्रजापत ने बताया कि कॉलेज भवन तो बना दिया गया,लेकिन चारदीवारी तक नहीं बनाई गई,जिसके कारण दिनभर मवेशियों का परिसर में जमावड़ा लगा रहता है।पूरे परिसर में गोबर फैला रहता है।असामाजिक तत्वों ने खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए हैं तथा बाथरूम और टॉयलेट में लगी नल की टोटियां भी चोरी हो चुकी हैं।उन्होंने बताया कि कॉलेज शुरू हुए दो सप्ताह से अधिक समय हो चुका है,लेकिन विद्यार्थियों के बैठने के लिए फर्नीचर तक उपलब्ध नहीं कराया गया।छात्र-छात्राएं फर्श पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।वहीं कॉलेज तक पहुंचने के लिए केवल कच्चा रास्ता है,जिससे बरसात के दिनों में विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पेयजल नहीं,पहले करनी पड़ती है गोबर की सफाई
कॉलेज की प्रथम सेमेस्टर की छात्रा सीमा जाट ने बताया कि कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं का गंभीर अभाव है।पेयजल व्यवस्था नहीं होने से हमीरगढ़ से पानी की कैन मंगवानी पड़ती है।चारदीवारी नहीं होने के कारण परिसर में मवेशी दिनभर घूमते रहते हैं और गोबर कर देते हैं।कई बार विद्यार्थियों को पढ़ाई शुरू करने से पहले परिसर की सफाई करनी पड़ती है,जिससे अध्ययन प्रभावित होता है।
डंपिंग यार्ड से फैल रही दुर्गंध
प्रथम सेमेस्टर के छात्र रोशन वैष्णव ने बताया कि वर्तमान में कॉलेज में करीब 100 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।कॉलेज परिसर के सामने नगर पालिका द्वारा डंपिंग यार्ड बना दिया गया है,जहां दिनभर मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे पूरे परिसर में दुर्गंध फैलती रहती है और पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है।
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर निकलेगा पैदल मार्च
कॉलेज की समस्याओं को लेकर विद्यार्थियों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है।आज छात्र हमीरगढ़ बस स्टैंड से शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालकर नगर पालिका पहुंचेंगे,जहां हमीरगढ़ प्रशासक को तीन सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग करेंगे।
नोडल अधिकारी बोलीं—जल्द होगा समाधान
कॉलेज की नोडल अधिकारी प्रतिभा राय ने बताया कि कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की कमी का मामला उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है।संबंधित विभागों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और जल्द ही सभी समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।
