कंचन इंडिया लिमिटेड में हादसा: टीन शेड गिरने से मजदूर की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री के बाहर श्रमिकों और ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

मांडल (भीलवाड़ा)। मांडल कस्बे के नानकपुरा गांव स्थित कंचन इंडिया लिमिटेड में बुधवार को एक हादसे में बालेसरिया पंचायत निवासी लादू लाल बेरवा की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लादू लाल बेरवा फैक्ट्री में मजदूरी का कार्य कर रहा था। इसी दौरान कपड़े के गोदाम की छत पर लगा एक टीन शेड गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की खबर फैलते ही फैक्ट्री के बाहर बड़ी संख्या में मजदूर, ग्रामीण और मृतक के परिचित एकत्र हो गए। लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना पर मांडल थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा भीड़ को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। उल्लेखनीय है कि कंचन इंडिया लिमिटेड के सामने ही मांडल थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी स्थित है, जिसके पुलिसकर्मी भी तत्काल मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। हादसे के कारणों और अन्य तथ्यों का खुलासा जांच तथा आगे की कार्रवाई के बाद ही हो सकेगा। मृतक के शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया लेकिन इस दौरान कंचन इंडिया लिमिटेड में मजदूर की मौत के बाद मुआवजे और न्याय की मांग को लेकर ग्रामीणों व मजदूरों ने फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और लादू लाल को न्याय दो न्याय दो के नारे लगाए । मौके पर तैनात पुलिस व प्रशासन ने समझाइश की और वार्ता का दौर चलता रहा । श्रमिक सहित ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे । इस बीच शाहपुरा विधायक प्रत्याशी नरेंद्र रैगर मौके पर पहुंचे और सड़क पर बैठ गए और वार्ता ने शामिल होकर न्याय की मांग की । घंटो समझाइश के बाद परिजनों को फैक्ट्री प्रबंधन ने 12.50 लाख का चेक दिया, साथ ही परिवार वालो को आर्थिक सहायता हर वर्ष चालीस हजार ओर बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी लेने के बाद मामला शांत हुआ और प्रदर्शन खत्म हुआ ।