लखीमपुर-खीरी। स्मार्ट हलचल|नगरवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव बुधवार को एक्शन मोड में नजर आईं। साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान उन्होंने नागरिकों की शिकायतें स्वयं सुनीं और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान स्ट्रीट लाइट, पेयजल पाइपलाइन लीकेज, नाली व सड़क मरम्मत, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण तथा कर (टैक्स) से जुड़ी कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें निर्माण विभाग की 8, सफाई व्यवस्था की 4, जलकल विभाग की 3, विद्युत विभाग की 2, अतिक्रमण की 1 तथा कर संबंधी 1 शिकायत शामिल रही।
अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका प्रभावी समाधान कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान अध्यक्ष ने नगरवासियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याएं सोशल मीडिया या मोबाइल संदेशों के बजाय प्रत्येक बुधवार प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक नगर पालिका परिषद कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर दर्ज कराएं, ताकि शिकायतों का पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
पालिका प्रशासन का कहना है कि नियमित जनसुनवाई व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे नगर की मूलभूत सुविधाओं में लगातार सुधार हो सके।
