रेहरिया की सड़कों पर ‘मॉडिफाइड स्प्लेंडर’ का खौफ! बिना नंबर प्लेट और प्रेशर हॉर्न से कानून को खुली चुनौती

तेज रफ्तार, कानफोड़ू हॉर्न और गायब नंबर प्लेट… राहगीरों में दहशत, कार्रवाई की उठी मांग

 

रेहरिया खीरी। स्मार्ट हलचल|रेहरिया क्षेत्र की सड़कों पर इन दिनों कथित रूप से मॉडिफाइड बाइकों का आतंक लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ युवक बिना नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर और अन्य बाइकों पर तेज रफ्तार से फर्राटा भरते हुए ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। सबसे अधिक शिकायत इन बाइकों में लगाए गए कथित अवैध प्रेशर हॉर्न को लेकर है, जिनकी तेज आवाज से राहगीर सहम जाते हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इन बाइकों पर या तो नंबर प्लेट नहीं लगी होती है अथवा उसे इस तरह मोड़ दिया जाता है कि नंबर पढ़ा ही नहीं जा सके। लोगों का आरोप है कि इससे पहचान छिपाना आसान हो जाता है और यदि कोई दुर्घटना हो जाए तो वाहन की पहचान करना मुश्किल हो सकता है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार, छोटी बाइकों में भारी वाहनों जैसे प्रेशर हॉर्न लगाए जाने से सड़क पर चलने वाले बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं अचानक घबरा जाते हैं। कई लोगों ने इसे सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि ऐसे वाहन कई बार बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तेज रफ्तार से निकलते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उनका सवाल है कि जब यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है तो ऐसे वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।

क्षेत्रवासियों ने पुलिस और परिवहन विभाग से मांग की है कि बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर या अवैध प्रेशर हॉर्न वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क पर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।