कृष्ण कुंज कॉलोनी में मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग

भीलवाड़ा। वार्ड संख्या 56 स्थित कृष्ण कुंज कॉलोनी, हलेड़-दान्थल रोड, होटल इम्पीरियल के पीछे स्थित क्षेत्र के निवासियों ने कॉलोनी की गंभीर जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है । कॉलोनीवासियों का कहना है कि नालियों की निकासी का कोई स्थायी रास्ता नहीं होने के कारण सभी नालियां कचरे से अटी पड़ी हैं। बारिश के दौरान गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है, जिससे आवागमन बाधित होता है तथा बीमारियों का खतरा बना रहता है। कॉलोनी की सड़कें भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं, जिससे पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।इसके अलावा कॉलोनी में पर्याप्त रोड लाइटें नहीं होने से रात के समय अंधेरा रहता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासियों ने विधायक अशोक कोठारी एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि नालियों की समुचित निकासी की व्यवस्था कराई जाए, क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत करवाई जाए तथा रोड लाइटों को शीघ्र चालू कराया जाए कॉलोनी वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी जनहित की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो सभी वार्डवासी एकजुट होकर विधायक कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की होगी।