ऑपरेशन ‘लंगड़ा’ में मोहम्मदी पुलिस की बड़ी सफलता: मुठभेड़ में दो गोतस्कर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल|पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत मोहम्मदी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्षेत्राधिकारी मोहम्मदी अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में कोतवाली मोहम्मदी पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरे आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी रिहरिया पंकज त्रिपाठी, चौकी प्रभारी अमीननगर धनंजय शुक्ल सहित कोतवाली मोहम्मदी पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त तीन चाकू, एक कुल्हाड़ी, एक लकड़ी का ठीहा (आला कत्ल) तथा एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी गोवध निवारण अधिनियम से संबंधित मामले में वांछित थे। बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई को जनपद में अपराध और गोतस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में मोहम्मदी पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।