सूरौठ में सैनी माली समाज के लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन, मनमर्जी तरीके से जिला अध्यक्ष घोषित करने का किया विरोध

लोकतांत्रिक तरीके से समाज के जिला अध्यक्ष का चुनाव करवाने की मांग
सूरौठ।स्मार्ट हलचल|सैनी माली कुशवाहा समाज के जिला अध्यक्ष का चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से करवाने की मांग को लेकर शुक्रवार को कस्बा सूरौठ में सैनी माली समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सैनी समाज के लोगों ने जमकर नारेबाजी कर मनमर्जी तरीके से समाज का जिला अध्यक्ष घोषित करने का विरोध किया। सैनी समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष मोहर सिंह सैनी, पूर्व तहसील अध्यक्ष कलुआ राम सैनी शेरपुर, श्याम सुन्दर सैनी, झम्मन मेंबर, सभापति देवफूल माली , रेवती सैनी, श्रीराम सैनी, साहव सिंह सैनी भुकरावली सहित काफी संख्या में तहसील क्षेत्र के सैनी माली समाज के लोग शुक्रवार को सुबह सूरौठ तहसील मुख्यालय पर स्थित सब्जी मंडी चौराहे के पास एकत्रित हुए तथा विरोध प्रदर्शन किया। सैनी समाज के लोगों ने बताया कि करौली जिला मुख्यालय पर आगामी 26 जुलाई को लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्वाचन प्रक्रिया के जरिए सैनी माली कुशवाहा समाज के जिला अध्यक्ष का चुनाव होना तय था लेकिन समाज के कुछ चंद लोगों ने मनमानी से जिला अध्यक्ष बना दिया है। सैनी समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि कैलादेवी के खोहरी गांव में समाज के कुछ लोगों ने मनमर्जी से अटा निवासी रमसी सैनी को समाज का जिला अध्यक्ष घोषित कर दिया है जो कि पूरी तरह गलत है। सैनी समाज के लोगों ने बताया कि बिना लोकतांत्रिक व्यवस्था के मनमर्जी तरीके से घोषित किया गया जिला अध्यक्ष हमारे लिए पूरी तरह अमान्य है। समाज के लोगों ने मांग की है कि पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगामी 26 जुलाई को करौली जिला मुख्यालय पर ही पूरी निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के तहत नए जिला अध्यक्ष का निर्वाचन किया जाए।