बायपास निर्माण में बिजली के पोल बने बाधा,सड़क सीमा से हटाने की मांग

भोली से कुम्हारिया बनास नदी तक दर्जनों विद्युत खंभे चौड़ीकरण में अड़चन, कलेक्टर व पीडब्ल्यूडी मंत्री को सौंपा ज्ञापन

मंगरोप@मुकेश खटीक।भीलवाड़ा-मंगरोप बायपास सड़क निर्माण कार्य में विद्युत पोल बड़ी बाधा बनते नजर आ रहे हैं।भोली से कुम्हारिया बनास नदी तक सड़क चौड़ीकरण की निर्धारित सीमा में दर्जनों बिजली के खंभे आ रहे हैं,जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।स्थानीय लोगों ने सड़क सीमा में आ रहे विद्युत पोल हटाने और निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने की मांग उठाई है।जिला सतर्कता समिति के पूर्व सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता दयाराम दिव्य ने जिला कलेक्टर,पीडब्ल्यूडी मंत्री और संबंधित विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मंगरोप बायपास निर्माण में आ रही समस्याओं के समाधान की मांग की है।ज्ञापन में बताया गया कि भोली से कुम्हारिया तक सड़क के दोनों ओर पूर्व में विद्युत निगम द्वारा लगाए गए कई खंभे अब सड़क सीमा के अंदर आ रहे हैं।सड़क चौड़ीकरण के दौरान ये पोल यातायात व्यवस्था और निर्माण कार्य में बाधक बने हुए हैं।उन्होंने मांग की है कि सड़क सीमा में आने वाले सभी विद्युत खंभों को तत्काल हटाया जाए।दयाराम दिव्य ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य कर रही ठेका कंपनी द्वारा कार्य में जल्दबाजी की जा रही है,जिसके चलते गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।उन्होंने कहा कि निर्धारित मापदंडों और तकनीकी मानकों के अनुसार सड़क का निर्माण किया जाना चाहिए।

एक तरफा यातायात व्यवस्था की मांग

ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान में पूरी सड़क को एक साथ खोद दिए जाने से हजारों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।धूल,गड्ढों और अव्यवस्थित यातायात के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।उन्होंने मांग की है कि निर्माण के दौरान एक तरफ की सड़क को वाहनों के आवागमन के लिए सुरक्षित रखा जाए,ताकि आमजन को परेशानी न हो।

फुटपाथ और दोपहिया वाहनों के लिए जगह रखने की मांग

सामाजिक कार्यकर्ता ने प्रशासन से मांग की कि बायपास निर्माण में सड़क की सही सीमा तय कर दोनों ओर से अतिक्रमण हटाया जाए।साथ ही पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए सुरक्षित स्थान तथा फुटपाथ की व्यवस्था की जाए।दयाराम दिव्य,जो द मूवमेंट ऑफ इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता भी हैं,ने ज्ञापन में जिला प्रशासन से निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा कराने और लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की है।इस सम्बन्ध में उन्होंने मांडल विधायक उदय लाल भडाणा,भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल सहित उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी,सार्वजनिक निर्माण राज्य मंत्री मंजू बाघमारे को कार्यवाही हेतु ज्ञापन भेज अवगत करवाया है।