दान में सर्वश्रेष्ठ – अंगदान”: ग्रीन पीपल सोसायटी की पहल पर अंगदान जागरूकता गोष्ठी आयोजित

उदयपुर, 18 जुलाई।स्मार्ट हलचल|ग्रीन पीपल सोसायटी, उदयपुर के अध्यक्ष राहुल भटनागर की पहल पर फील्ड क्लब, जयपुर में “दान में सर्वश्रेष्ठ – अंगदान” विषय पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अजय गुप्ता (सेवानिवृत्त भारतीय वन सेवा अधिकारी एवं सदस्य, मोहन फाउंडेशन जयपुर सिटीजन फोरम) ने अंगदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए समाज से इस जनआंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रक्तदान और नेत्रदान आज सामाजिक संस्कार बन चुके हैं, उसी प्रकार अब अंगदान को भी जन-जन का अभियान बनाना होगा। उन्होंने ब्रेन-डेथ की वैज्ञानिक अवधारणा, उससे जुड़ी भ्रांतियों और मरणोपरांत अंगदान की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाते हुए बताया कि एक ब्रेन-डेड व्यक्ति आठ लोगों को नया जीवन तथा लगभग 75 लोगों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बना सकता है।

अजय गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में अंगदान जागरूकता माह चल रहा है तथा 3 अगस्त को राष्ट्रीय अंगदान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने केरल की दो वर्षीय बालिका एलन शेरेन अब्राहम के प्रेरक अंगदान का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसे साहसिक निर्णय अनेक परिवारों को नई जिंदगी दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में लगभग पाँच लाख मरीज विभिन्न अंगों की प्रतीक्षा सूची में हैं, जबकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली ब्रेन-डेथ के बाद अंगदान की अपार संभावनाएँ हैं। यदि अधिक से अधिक परिवार इस दिशा में जागरूक हों तो हजारों लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।
गोष्ठी में समाज, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई।

इस दौरान उदयपुर में “ब्लड डोनेशन एम्बेसडर” नियुक्त करने तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का साझा मंच “एनजीओ कॉन्फेडरेशन/एनजीओ कॉन्क्लेव” गठित करने का सुझाव भी दिया गया। ग्रीन पीपल सोसायटी ने अपने सभी आगामी कार्यक्रमों, विशेषकर “पैडल टू जंगल” अभियान के माध्यम से अंगदान जागरूकता को निरंतर बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

बैठक में यह सुझाव भी रखा गया कि अंगदाता परिवारों को स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय अवसरों पर सम्मानित किया जाए तथा अंगदाताओं को राजकीय सम्मान के साथ विदाई देने की परंपरा विकसित की जाए, जिससे समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो।

कार्यक्रम में ग्रीन पीपल सोसायटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर, उपाध्यक्ष शरद श्रीवास्तव, इस्माइल दुर्गा, यासीन पठान, वीरपाल राणा, प्रताप सिंह चुंडावत, डॉ. ललित जोशी, जे.एस. खंगारूत सहित जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल, स्कॉलर सोसायटी, मानव सेवा समिति, नारायणा बिजनेस स्कूल तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उदयपुर में अंगदान जनजागरण अभियान को व्यापक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।