वीर बाला काली बाई प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले की 361 प्रतिभाओं का सम्मान

एबीवीपी ने बोर्ड टॉपर्स व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को किया सम्मानित, 1500 विद्यार्थियों की रही सहभागिता

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) चित्तौड़गढ़ जिला इकाई द्वारा अपने 78वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में ‘वीर बाला काली बाई प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन शहर के भरत बाग में किया गया। समारोह में जिलेभर के करीब 100 राजकीय एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के लगभग 1500 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

जिला संयोजक अदिति कंवर भाटी ने बताया कि समारोह में जिलेभर के राजकीय एवं निजी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों की बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 361 प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कैलाश डागा एवं एबीवीपी चित्तौड़ प्रांत के प्रांत मंत्री जितेंद्र लोधा उपस्थित रहे। स्वागत भाषण प्रांत छात्रा प्रमुख एवं जिला प्रमुख नीलम मेहता ने दिया।

मुख्य अतिथि चंद्रभान सिंह आक्या ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दलगत राजनीति से ऊपर उठकर छात्र हित और राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने वाला छात्र संगठन है।

प्रो. कैलाश डागा ने प्रतिभा सम्मान समारोह को विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन की सराहनीय पहल बताया। वहीं प्रांत मंत्री जितेंद्र लोधा ने मेवाड़ की वीर भूमि को नमन करते हुए एबीवीपी की ध्येय यात्रा, छात्र आंदोलनों एवं राष्ट्रवादी विचारधारा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्र जीवन से ही युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने का कार्य करती है।

इसके बाद विभाग प्रमुख आलोक सिंह राठौड़, विभाग संगठन मंत्री सीताराम केसरी, रामकृष्ण मेहता, कमल प्रजापत सहित मंचासीन अतिथियों ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में एबीवीपी के वर्तमान एवं पूर्व कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं कमल प्रजापत, सुमन जाट एवं राजेश गायरी के नेतृत्व में संभाली गईं, जबकि संचालन सुमन जाट, उमेश नाथ योगी एवं राजेश गायरी ने किया। अंत में जिला संयोजक अदिति कंवर भाटी ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।