एसपी रोशन मीणा बोले— मंडी में जल्द बनेगी पुलिस चौकी-हाई क्वालिटी सीसीटीवी कैमरों का प्रस्ताव भेजा; व्यापारियों से सतर्कता बरतने की अपील
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/निवाई। स्मार्ट हलचल|स्थानीय कृषि मंडी स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में शनिवार को पुलिस एवं प्रशासन की ओर से व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ शांति, सद्भावना एवं सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीणा (आईपीएस), पुलिस उपाधीक्षक निवाई रवि प्रकाश शर्मा, थानाधिकारी निवाई घासीराम मीणा तथा कृषि उपज मंडी निवाई सचिव कमल किशोर सोनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।बैठक का उद्देश्य कृषि मंडी परिसर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, व्यापारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बढ़ते साइबर अपराध, चोरी और नशे जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करना था। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को व्यापारिक लेन-देन में पूरी सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से बिना पूरी जांच-पड़ताल के बड़ा सौदा या उधार का लेन-देन न करें, ताकि आर्थिक धोखाधड़ी से बचा जा सके। साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें तथा डिजिटल भुगतान करते समय पूरी सावधानी बरतें। मंडी परिसर में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और आवश्यकतानुसार सुरक्षा गार्ड तैनात करने की भी सलाह दी गई। बैठक में स्मैक एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार और सेवन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार या उसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कृषि मंडी में पुलिस चौकी स्थापित करने तथा शहर में हाई क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। कृषि मंडी सचिव कमल किशोर सोनी ने व्यापारियों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने, मंडी नियमों का पालन करने तथा सुरक्षा उपायों को अपनाने की अपील की। बैठक के अंत में व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। बैठक में व्यापार मंडल के ताराचंद बोहरा, मिल एसोसिएशन अध्यक्ष पारस पहाड़ी, पिंटू पारीक, दीपक गुप्ता, पदमचंद जैन सहित अनेक व्यापारी एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
