कंजर कॉलोनी में खूनी संघर्ष: लाठी, चाकू व तलवार से हमला, महिलाओं से मारपीट व छेड़छाड़ के आरोप

अलकेश पारीक

15 नामजद सहित 10–15 अन्य के खिलाफ शिकायत, कई घायल; महिलाओं के कपड़े फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

 

जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|पंडेर थाना क्षेत्र की कंजर कॉलोनी में रविवार दोपहर आपसी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। शिकायतकर्ता पक्ष ने 15 नामजद सहित 10–15 अन्य लोगों पर लाठी, चाकू और तलवार जैसे घातक हथियारों से जानलेवा हमला करने, महिलाओं के साथ मारपीट, छेड़छाड़ तथा कपड़े फाड़ने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पंडेर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सुरेन्द्र पुत्र अर्जुन लाल कंजर निवासी कंजर कॉलोनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपने परिजनों के साथ घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान आरोपित हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार हमलावरों ने लाठियों, चाकुओं और तलवारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हमले में शिकायतकर्ता सुरेन्द्र कंजर सहित पाराशर कंजर, ज्योति कंजर, मनभर कंजर, सरिता कंजर, रामसहाय कंजर, कृष्ण कंजर, देवेंद्र कंजर और जीना कंजर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए उनके साथ मारपीट की, छेड़छाड़ की तथा उनके कपड़े फाड़ दिए। बीच-बचाव करने वालों को भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। घटना के समय बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पीड़ित पक्ष ने आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पंडेर थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी