अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार

 

सिकंदराबाद की दुकान से चोरी हुए पीतल के बर्तन बरामद, तमंचा, कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक भी मिली

नीमगांव (खीरी)। स्मार्ट हलचल|थाना नीमगांव पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सिकंदराबाद स्थित एक दुकान से चोरी किए गए पीतल के बर्तन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा तथा जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मितौली के पर्यवेक्षण में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नीमगांव पुलिस ने सर्विलांस सेल एवं स्वाट टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने सिकंदराबाद क्षेत्र में एक दुकान से पीतल के बर्तन चोरी करने की घटना स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन मौर्य उर्फ विवेक उर्फ पिंटू पुत्र निवासी ग्राम गौरिया, थाना पड़रिया तथा लवकुश निवासी जोबेपुरवा, थाना निघासन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न जनपदों के थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पीतल के कई बर्तन, एक अवैध .315 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमगांव, थाना पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।