जहाजपुर पुलिस का अवैध बजरी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, ‘लोकेशन गैंग’ से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया
थानाधिकारी दयाराम चौधरी का सख्त संदेश— अपराधियों की मदद करने वालों पर भी होगी कार्रवाई, जनता ने तालियां बजाकर किया स्वागत
अलकेश पारीक
जहाजपुर, स्मार्ट हलचल। अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जहाजपुर थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस की गतिविधियों की कथित रूप से सूचना देने वाले “लोकेशन ग्रुप” से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तथा एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो वाहन जब्त कर थाने में खड़ा कराया।

कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी दयाराम चौधरी ने थाने के बाहर मौजूद आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि पुलिस की लोकेशन साझा कर अपराधियों की मदद करने के बजाय कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
थानाधिकारी ने कहा कि अवैध बजरी खनन और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने या सूचना उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थानाधिकारी के संबोधन के दौरान मौजूद लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का खुलकर समर्थन किया। अवैध कारोबार के खिलाफ सख्ती जारी रखने की बात पर लोगों ने तालियां बजाकर जहाजपुर पुलिस का उत्साहवर्धन किया। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि इसी तरह निष्पक्ष और लगातार कार्रवाई जारी रही तो अवैध बजरी कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगेगा और आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
