गंगापुर उपकारागृह का निरीक्षण किया गया

गंगापुर – राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार दिनांक 20 जुलाई को उपकारागृह, गंगापुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहनता से अवलोकन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा की सचिव रश्मि आर्य ने उपकारागृह में निरुद्ध बंदियों से सीधे संवाद कर उनसे समस्याओ कि जानकारी ली एवं उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं, मूलभूत आवश्यकताओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं दैनिक दिनचर्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यप्रणाली एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई एवं जेल प्रशासन से भोजन वितरण की समय-सारणी, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों एवं आवश्यक सुधारों के संबंध में अधिकारियों द्वारा जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने पर बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि बंदियों को मानवीय गरिमा के अनुरूप सुविधाएँ उपलब्ध कराना तथा उनके अधिकारों की रक्षा करना न्यायिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निजी सहायक दीपक अग्रवाल, तालुका विधिक सेवा समिति के शिवराज धाकड़, उपकारापाल देशराज सिंह , पीएलवी राजेंद्र टेलर सहित जेल प्रशासन के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के समय उपकारागृह, गंगापुर में कुल 42 बंदी निरुद्ध पाए गए। निरीक्षण दल ने जेल प्रशासन को बंदियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।