बूंदी शहर में चाकूबाजी के आरोपियों पर बुलडोजर एक्शन, अवैध मकानों पर चला प्रशासन का पीला पंजा

नैनवां रोड चाकूबाजी प्रकरण में पुलिस, प्रशासन एवं वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, फॉरेस्ट भूमि पर बने अवैध निर्माण किए ध्वस्त।

बूंदी- स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा (IPS) के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत नैनवां रोड चाकूबाजी प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में जिला प्रशासन, वन विभाग एवं बून्दी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्यवाही करते हुए जनता कॉलोनी क्षेत्र में वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।

दिनांक 11 जुलाई 2026 को नैनवां रोड, बून्दी पर चाकूबाजी की गंभीर घटना हुई थी, जिससे क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न हो गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक बून्दी अवनीश कुमार शर्मा (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बून्दी संजय सिंह चम्पावत एवं अनिल जोशी वृत्ताधिकारी वृत बून्दी के निकटतम पर्यवेक्षण में भंवर सिंह पु.नि. थानाधिकारी थाना सदर के नेतृत्व में त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना में शामिल तीनों आरोपियों रविशंकर बैरवा, विशाल मेघवाल एवं अर्जुन उर्फ टिनू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू एवं मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त की।

प्रकरण अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आये कि गिरफ्तार आरोपी विशाल मेघवाल एवं रविशंकर बैरवा द्वारा बून्दी शहर की जनता कॉलोनी में वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से मकान बनाकर कब्जा किया गया है। इस संबंध में वन विभाग द्वारा आवश्यक कानूनी कार्यवाही करते हुए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित किया गया। आज जिला प्रशासन, वन विभाग एवं बून्दी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए आरोपियों के फॉरेस्ट भूमि पर बने अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। कार्यवाही के दौरान वन विभाग का अमला, बून्दी पुलिस का पर्याप्त पुलिस बल तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए ताकि कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
यह कार्यवाही बून्दी शहर में अपने आप में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि पहली बार किसी गंभीर आपराधिक प्रकरण में गिरफ्तार अपराधियों द्वारा सरकारी वन भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के विरुद्ध प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कठोर कार्यवाही की है। इस कार्यवाही से अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश गया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को प्रशासन द्वारा बक्शा नही जायेगा।

जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा (IPS) ने कहा कि बून्दी पुलिस अपराधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर कार्य कर रही है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले, आमजन में भय का वातावरण पैदा करने वाले तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

बून्दी पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध गतिविधि, आपराधिक तत्वों की मौजूदगी अथवा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।