तिलस्वां से लौटते समय काल बन गई रफ्तार: सलावटिया में वैन-बाइक भिड़ंत, युवक और मासूम की मौत

दो महिलाएं गंभीर घायल, जेसीबी चालक युवक तनख्वाह लेकर लौट रहा था घर; पुलिस ने शुरू की जांच

बिजोलिया। उपखंड क्षेत्र के सलावटिया गांव में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने बाइक और मारुति वैन की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक 22 वर्षीय युवक और एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

सूचना मिलते ही बिजोलिया थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल बिजोलिया उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों महिलाओं का इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश के सिंगोली क्षेत्र से अपने गांव लौट रहे तीखी मानगढ़ निवासी संतोष मीणा (22) पुत्र नंदलाल मीणा की बाइक की भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक मारुति वैन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार दिव्यांशी पुत्री नंदलाल भील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोष मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

हादसे में बाइक पर सवार संजना पत्नी नंदलाल भील निवासी खड़ीपुर तथा प्रियंका पत्नी केशराज भील भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं और मासूम बच्ची तिलस्वां महादेव के दर्शन कर संतोष मीणा के साथ खड़ीपुर लौट रही थीं। वहीं संतोष मीणा मध्यप्रदेश के सिंगोली में जेसीबी चालक के रूप में कार्यरत था और तनख्वाह लेकर अपने गांव तीखी मानगढ़ लौट रहा था। सलावटिया पहुंचने पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हादसे के बाद पुलिस ने दोनों मृतकों के शव बिजोलिया उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है।