ऑपरेशन के नाम पर रिश्वत मांगना पड़ा भारी, एसीबी ने राजसमंद के डॉक्टर को रंगे हाथों दबोचा

राजसमंद के आरके चिकित्सालय में एसीबी की कार्रवाई, 1300 रुपये रिश्वत लेते जनरल सर्जन गिरफ्तार

अजय सिंह (चिंटू)

जयपुर -स्मार्ट हलचल|भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजसमंद के आर.के. राजकीय चिकित्सालय में कार्यरत कनिष्ठ विशेषज्ञ (जनरल सर्जरी) डॉ. पंकज जैन को 1300 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर राजसमंद चौकी द्वारा की गई।
एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके बेटे की दाहिनी आंख के पास सिस्ट (छोटी गांठ) के ऑपरेशन के लिए डॉ. पंकज जैन 2000 रुपये की रिश्वत मांग रहे थे और राशि नहीं देने पर उसे परेशान किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मत चारण के नेतृत्व में की गई। सत्यापन के दौरान आरोपी डॉक्टर 1800 रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हुआ था, जिसमें से 500 रुपये पहले ही ले लिए गए थे। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी को शेष 1,300 रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। एसीबी ने सत्यापन के दौरान लिए गए 500 रुपये भी बरामद कर लिए।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की अग्रिम जांच जारी है।
एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार के मामलों की सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर देने की अपील की है। ब्यूरो का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आम नागरिकों की भागीदारी इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएगी।