भीलवाड़ा में 26 जुलाई को शाह समाज की विशाल जनरल मीटिंग, शिक्षा, एकता और विकास बनेगा मुख्य एजेंडा

भीलवाड़ा ।  शाह समाज की सामाजिक एकता, शिक्षा और सर्वांगीण विकास को लेकर 26 जुलाई रविवार को भीलवाड़ा में विशाल जनरल मीटिंग का आयोजन किया जाएगा। यह मीटिंग शाम 5 बजे हज़रत मंसूर अली रहमतुल्लाह अलैह दरगाह, तेजाजी चौक पर होगी।
शाह मानव अधिकार आयोग सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष जनाब रफीक मोहम्मद शाह ने बताया कि भीलवाड़ा जिले में शाह समाज के लगभग 8,000 परिवार निवास करते हैं। इसके बावजूद शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और संगठन के क्षेत्र में समाज आज भी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि समाज में एकता की कमी के कारण विकास की गति धीमी है। साथ ही समाज की संपत्तियों पर कब्जे और समाज के लोगों पर हो रहे अत्याचार भी चिंता का विषय हैं।
मीटिंग के आयोजक हाजी अब्दुल हमीद शाह तिलक नगर ने कहा कि इतने बड़े समाज के बाद भीलवाड़ा में शाह समाज की अपनी भूमि, मदरसा, स्कूल, कम्युनिटी हॉल और मजबूत नेतृत्व का अभाव है। इन सभी बिंदुओं पर इस बैठक में गंभीरता से मंथन किया जाएगा।
सामाजिक कार्यकर्ता युसुफ शाह जुनावास ने कहा कि आपसी परिचय और तालमेल की कमी के कारण समाज कई छोटे-छोटे संगठनों में बंट गया है, जिससे एकता कमजोर हुई है। उन्होंने नई पीढ़ी से नशे से दूर रहकर शिक्षा को अपनाने की अपील की।
दरगाह मदारी शाह समाज विकास सेवा समिति के अध्यक्ष बाबा सलीम शाह ने दहेज प्रथा और फिजूलखर्ची वाली शादियों जैसी सामाजिक कुरीतियों को जड़ से खत्म करने पर जोर दिया।
शाह मदार संसद पंच कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद समीम शाह ने बताया कि इस जनरल मीटिंग का मुख्य उद्देश्य पूरे समाज को एक मंच पर लाना, शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना, कुरीतियों को समाप्त करना और समाज के विकास के लिए ठोस रणनीति बनाना है।

आयोजकों ने सभी समाजबंधुओं से अपील की है कि वे 26 जुलाई रविवार शाम 5 बजे दरगाह परिसर पहुंचकर इस ऐतिहासिक बैठक को सफल बनाएं और समाज की एकता व तरक्की में अपना योगदान दें।