ऑटो चालकों की मनमानी के विरोध में 23 जुलाई को कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

भीलवाड़ा/पुर। राष्ट्रीय मानवाधिकार पर्यावरण सुरक्षा एवं भ्रष्टाचार निवारण संगठन, भीलवाड़ा की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को पुर में आयोजित हुई। बैठक में भीलवाड़ा शहर में ऑटो रिक्शा चालकों द्वारा कथित रूप से की जा रही मनमानी, अवैध वसूली, ओवरलोडिंग तथा यात्री सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला महासचिव महावीर व्यास ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रतन लाल आचार्य ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 23 जुलाई 2026 (गुरुवार) को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्टर, भीलवाड़ा को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि शहर में कई ऑटो चालक निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूल रहे हैं। साथ ही एक ऑटो में क्षमता से कहीं अधिक 10 से 15 सवारियां बैठाकर यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि कई ऑटो में तेज आवाज में अश्लील गाने बजाए जाते हैं तथा बिना लाइसेंस और बिना परमिट के वाहन संचालन की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं।

बैठक में आमजन को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पुर से भीलवाड़ा मार्ग पर 4 अतिरिक्त ई-बसें संचालित करने की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में रखी जाएंगी ये प्रमुख मांगें

– सभी ऑटो में किराया सूची एवं आरटीओ द्वारा निर्धारित रेट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किए जाएं।
– ओवरलोडिंग करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई हो।
– महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रत्येक ऑटो में हेल्पलाइन नंबर, चालक का नाम और फोटो आईडी अनिवार्य रूप से लगाई जाए।
– ऑटो में तेज आवाज में अश्लील गाने और टेप-रेडियो बजाने पर प्रतिबंध लगाया जाए।
– बिना लाइसेंस, बिना परमिट और नाबालिग चालकों द्वारा संचालित ऑटो तत्काल जब्त किए जाएं तथा निर्धारित किराए से अधिक वसूली करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए।
– पुर-भीलवाड़ा मार्ग पर जनहित में 4 अतिरिक्त ई-बसें तत्काल शुरू की जाएं।

बैठक में जिला संरक्षक छोटू लाल अटारिया, श्रवण सेन, सत्यनारायण व्यास, जिला अध्यक्ष रतन लाल आचार्य, जिला महासचिव महावीर व्यास, मुकेश सोनी, जिला उपाध्यक्ष महावीर सेन, माधव लाल बिश्नोई, नानूराम माली, गोपाल पलोड, युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक जोशी, महासचिव विनोद अग्याल, जिला मीडिया प्रभारी भेरूलाल माली सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं पुर के ग्रामीण उपस्थित रहे।

संगठन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 23 जुलाई को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनहित की इस मांग को समर्थन दें।