सोशल मीडिया पर हथियार के साथ डॉनगिरी दिखाना पड़ा भारी, अलग अलग थाना क्षेत्र से पांच आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा । ‘सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और रील पोस्ट कर खुद को डॉन, माफिया और गैंगस्टर के रूप में पेश करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और तकनीकी सर्विलांस के जरिए पांच थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में इन युवकों के तेवर पूरी तरह बदल गए और जो सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे, वे आमजन से माफी मांगते नजर आए।

एसपी सागर ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर अपराध का महिमामंडन करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जिससे युवाओं में गलत संदेश न जाए और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना, गैंगस्टर संस्कृति को बताना कानूनन अपराध है और किसी को भी ऐसे मामलों में बख्शा नहीं जाएगा ।