अनिल कुमार
स्मार्ट हलचल|पुलिस मुख्यालय द्वारा अवैध हथियारों एवं आग्नेय शस्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम (DST) ब्यावर और थाना जवाजा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर धाराओं में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां व वृत्त अधिकारी राजेश कसाना के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। 19 जुलाई को डीएसटी के कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह (कांस्टेबल 484) को सटीक सूचना मिली थी कि सरवीना निवासी नारायण सिंह (37) पुत्र सवाई सिंह के पास अवैध हथियार पिस्तौल मौजूद है। सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा और उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल जब्त की।
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, जांच जारी
थाना जवाजा में आरोपी नारायण सिंह के खिलाफ प्रकरण संख्या 211/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गहनता से अनुसंधान कर रही है कि यह अवैध हथियार कहाँ से खरीदा गया था और इसे किसे बेचा जाना था या किस वारदात में इस्तेमाल होना था।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी नारायण सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर वर्ष 2020 में बलवा, मारपीट व तोड़फोड़ (IPC 147, 148, 452 आदि) तथा वर्ष 2021 में मारपीट, गाली-गलौज व एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम
इस संयुक्त कार्रवाई में जवाजा थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर एवं डीएसटी प्रभारी राजदीपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सउनि रामजस, जितेन्द्र सिंह, सुबेसिंह, हैड कांस्टेबल भवानी सिंह, राजेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह (विशेष योगदान), तोगेश और लेखराज शामिल रहे।
