नगर परिषद ब्यावर का 29 जुलाई को घेराव करेगी कांग्रेस, नवसमावेशित क्षेत्रों की उपेक्षा पर ‘जनआक्रोश’

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|ब्यावर को जिला बनाए जाने के बाद भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव और नवसमावेशित (पेराफेरी) क्षेत्रों की उपेक्षा को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, ब्यावर ने प्रशासनिक व राजनीतिक मोर्चा खोल दिया है। ब्लॉक कांग्रेस द्वारा शहर के वार्डों से लेकर पेराफेरी क्षेत्रों तक व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को प्रातः 10:30 बजे नगर परिषद ब्यावर के समक्ष ‘जनआक्रोश प्रदर्शन एवं नरक परिषद का घेराव’ किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, ब्यावर के अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि भाजपा शासन में नगर परिषद जनसेवा के प्रभावी केंद्र बनने के बजाय भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और जनसमस्याओं की अनदेखी का प्रतीक बन चुकी है।
“पुराने वार्ड बदहाल, तो नए क्षेत्रों का विकास किसके भरोसे?”
एडवोकेट अजय शर्मा ने सवाल उठाया कि जब नगर परिषद शहर के पुराने वार्डों में ही सड़क, सफाई, रोशनी और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध नहीं करा पा रही है, तो परिसीमन के बाद नगर परिषद सीमा में शामिल किए गए गाँवों और पेराफेरी कॉलोनियों का विकास आखिर किसके भरोसे होगा? उन्होंने कहा कि केवल प्रशासनिक सीमा बदल देने से विकास नहीं होता, उसके लिए बजट और आधारभूत ढाँचा देना जरूरी है।
प्रमुख मुद्दे और आरोप:
नागरिक अव्यवस्थाएं: टूटी व गड्ढों से भरी सड़कें, चरमराई सफाई व्यवस्था, जाम नालियाँ, अव्यवस्थित सीवरेज, बंद स्ट्रीट लाइटें, जलभराव और आवारा पशुओं की समस्या से जनता त्रस्त है।
जनसंपर्क अभियान: कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के वार्डों, मोहल्लों और पेराफेरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे और नागरिकों को 29 जुलाई के प्रदर्शन से जोड़ेंगे।
जनप्रतिनिधियों से आह्वान: पेराफेरी पंचायतों और नवसमावेशित क्षेत्रों के वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता के हक के लिए इस आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया गया है।

जनसमस्याओं के लिए हेल्पलाइन जारी
कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि स्थानीय नागरिक अपनी क्षेत्रिय समस्याओं को दर्ज कराने के लिए मोबाइल नंबर 9414009101 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त समस्याओं को संकलित कर आंदोलन के माध्यम से प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने ब्यावर शहर एवं नवसमावेशित क्षेत्रों के समस्त नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से 29 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में नगर परिषद पहुँचकर ‘जनआक्रोश प्रदर्शन’ को सफल बनाने की अपील की है।