सरकारी जमीन से खनन कर रहा अभियुक्त गिरफ्तार, JCB और 2 ट्रैक्टर जब्त

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान पुलिस की अपराध शाखा द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्यावर सदर थाना पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ एक बड़ी और प्रभावी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस ने सरकारी भूमि पर अवैध माईनिंग करने के मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, वहीं खनन कार्य में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी मौके से जब्त कर लिया है।

सरकारी भूमि पर चल रहा था अवैध खनन का खेल
ब्यावर पुलिस अधीक्षक रतनसिंह (IPS) ने जानकारी देते हुए बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा, राजस्थान, जयपुर) द्वारा अपराधों पर लगाम कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत डॉ० अनुकृति उज्जैनिया (RPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर एवं राजेश कसाणा (RPS), पुलिस उप अधीक्षक वृत ब्यावर के निर्देशन में अवैध खनन के विरुद्ध सख्त एक्शन लेने का खाका तैयार किया गया।

ब्यावर सदर थानाधिकारी गजराज (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने ग्राम बलाड़ और गढ़ी थोरियान क्षेत्र में दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि अभियुक्त सरकारी भूमि से धड़ल्ले से अवैध खनन कर रहा था।

जब्त वाहन और दर्ज मामला
पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए ब्यावर सदर थाने में प्रकरण संख्या 67/2026 के तहत धारा 4/21 MMDR एक्ट और 303 (2) BNS में मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तार अभियुक्त: भगवानसिंह उर्फ पिन्टू पुत्र लक्ष्मणसिंह रावत (निवासी: बागबेरा बलाड़, थाना ब्यावर सदर)।

जब्त संपत्ति: अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही 1 JCB मशीन और 2 ट्रैक्टर मय ट्रॉली।

कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्यवाही में ब्यावर सदर थाने के पुलिस निरीक्षक गजराज, सहायक उप-निरीक्षक (ASI) श्री सुखराम, कांस्टेबल अमरचन्द (388) और कांस्टेबल धर्माराम (2063) की विशेष भूमिका रही।

नोट: पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और भू-माफियाओं के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।