दिल्ली में छात्रों-युवाओं पर बर्बर लाठीचार्ज लोकतंत्र की हत्या, भाजपा सरकार अंग्रेजी हुकूमत की याद दिला रही है : मिर्ज़ा शकील अहमद

बी एम राठौर
न्यूज
स्मार्ट हलचल|सांगोद 21 जुलाई को सांगोद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांगोद के अध्यक्ष मिर्ज़ा शकील अहमद ने दिल्ली में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी लोकतांत्रिक मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं पर किए गए बर्बर लाठीचार्ज, आँसू गैस के गोले छोड़े जाने और पुलिसिया दमन की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया है।उन्होंने कहा कि देश के भविष्य कहे जाने वाले छात्रों और युवाओं को सड़कों पर बेरहमी से पीटना, घसीटना तथा छात्राओं के साथ भी अमानवीय व्यवहार करना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। दिल्ली की सड़कों पर जो दृश्य देखने को मिले, उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के दमनकारी दौर की याद ताज़ा कर दी। आज अपनी जायज़ मांगों के लिए शांतिपूर्वक आवाज़ उठाने वालों का स्वागत संवाद से नहीं, बल्कि लाठियों और आँसू गैस से किया जा रहा है।

मिर्ज़ा शकील अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र में विश्वास नहीं, बल्कि दमन की राजनीति में विश्वास करती है। जब-जब देश का युवा अपने अधिकारों, रोजगार, शिक्षा और भविष्य की बात करता है, तब-तब भाजपा सरकार उसकी आवाज़ को पुलिस के डंडों से कुचलने का प्रयास करती है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के बिल्कुल विपरीत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों, युवाओं और आम जनता के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी हर अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी। सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि छात्रों एवं युवाओं पर किए गए बर्बर लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा युवाओं की समस्याओं का समाधान दमन नहीं, बल्कि संवाद और संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाए।