पुनित चपलोत
भीलवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यस्ततम मुख्य बाजार महावीर पार्क के पास दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना सामने आई है। शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच मंगलवार शाम हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महावीर पार्क के निकट एक युवक पर मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि घायल युवक को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी हनुमान सिंह मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी की घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, महावीर पार्क के पास पुरानी रंजिश के चलते विशाल शर्मा पिता रामप्रसाद शर्मा निवासी कंवलियास हाल निवासी सुवाणा पर मोटरसाइकिल से आए तीन युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि आकाश प्रजापत, रवि गाडरी और उनके एक अन्य साथी ने विशाल शर्मा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल विशाल शर्मा को उसके दोस्तों ने तत्काल इलाज के लिए महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और घायल से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
