महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं कानूनों की जानकारी देकर किया जागरूक, निर्भीक होकर शिकायत करने का दिया संदेश
बूंदी- स्मार्ट हलचल|राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान” के तहत जिला पुलिस बून्दी द्वारा जिलेभर में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक बून्दी श्री अवनीश कुमार शर्मा (IPS) द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से जिले के विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं से संवाद कर महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक बून्दी ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना राजस्थान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। समाज तभी सुरक्षित एवं विकसित बन सकता है जब प्रत्येक महिला एवं बालिका स्वयं को सम्मानित, सुरक्षित एवं आत्मविश्वास से परिपूर्ण महसूस करे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे महिला सम्मान को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझें तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार, पीछा करना (स्टॉकिंग), साइबर उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना अथवा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी अनजान व्यक्ति से सोशल मीडिया पर मित्रता करने, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी, पासवर्ड या व्यक्तिगत फोटो एवं वीडियो साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर ब्लैकमेलिंग या सोशल मीडिया अपराध की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं पुलिस सेवाओं की भी जानकारी दी गई। आपातकालीन स्थिति में 112, महिला सहायता, साइबर अपराध से संबंधित सहायता तथा राजकॉप सिटीजन ऐप के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को ऐप डाउनलोड कर उसके विभिन्न सुरक्षा फीचर्स का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तक शीघ्र सहायता का संदेश एवं लोकेशन पहुंचाई जा सके।
जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक छात्र एवं छात्रा कानून का पालन करने वाला जिम्मेदार नागरिक बने तथा अपने विद्यालय, परिवार एवं समाज में महिला सम्मान एवं लैंगिक समानता का संदेश फैलाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की घटना होने पर डरने या छिपाने के बजाय तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचित करें। समय पर दी गई सूचना किसी भी बड़ी घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, कानूनी प्रावधानों, पुलिस सहायता एवं आत्मरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। जिला पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रश्नों के सरल एवं प्रभावी उत्तर देते हुए विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने तथा समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला पुलिस अधीक्षक ने सभी विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा के प्रति सजग रहने, कानून का सम्मान करने, साइबर अपराधों से बचाव के उपाय अपनाने तथा अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का संकल्प दिलाया।
जिला पुलिस बून्दी द्वारा “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान” के तहत आगामी दिनों में भी जिलेभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं अपराधमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान जसवीर मीणा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सेल , अदिति चौधरी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सेल बून्दी मोजुद रहे ।
