उनियारा में लग्जरी गेस्ट हाउस पर डीएसटी टीम की बड़ी कार्रवाई-जुआ खेलते सात गिरफ्तार-एक लाख से अधिक नकदी सहित कार,बाइक और 8 मोबाइल जब्त

 

* डीएसटी व उनियारा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई-गेस्ट हाउस संचालक मौके से हुआ फरार-तलाश जारी

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा। स्मार्ट हलचल|जिले के उनियारा थाना क्षेत्र के कस्बा उनियारा में जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) एवं उनियारा थाना पुलिस ने मंगलवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक गेस्ट हाउस में चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश देकर सात लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने मौके से 1 लाख 12 हजार 700 रुपये नकद, ताश के पत्ते, स्कॉर्पियो, डिजायर कार, एक बाइक तथा 8 मोबाइल फोन सहित अन्य सामान जब्त किया है। जबकि गेस्ट हाउस संचालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीणा (आईपीएस) के निर्देशन तथा एएसपी रतनलाल भार्गव एवं उनियारा डीएसपी अशोक कुमार कानखेडिया के सुपरविजन में मंगलवार को कस्बा उनियारा में सवाई माधोपुर रोड स्थित लग्जरी गेस्ट हाउस पर चुंगी नाका के समीप की गई। सूचना मिलने पर डीएसटी और उनियारा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी, जहां कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों में मनराज गुर्जर (30) निवासी महुआ, थाना अलीगढ़, ओमप्रकाश मीणा (40) निवासी सहादतनगर, थाना अलीगढ़, राकेश प्रजापत (35) निवासी सोप, चेतराम मीणा (34) निवासी बेलनगंज, थाना इंद्रगढ़ (बूंदी), फिरोज (30) निवासी सोप, राजेंद्र माली (40) निवासी अलीगढ़ तथा राधेश्याम माली (40) निवासी अलीगढ़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते, वाहन तथा अन्य सामग्री जब्त कर प्रकरण दर्ज कर लिया है।वहीं गेस्ट हाउस संचालक दीपक उर्फ सत्यानारायण साहू निवासी वार्ड नं. 6, उनियारा की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।