नव नियुक्त एएसपी से भाजपा युवा मोर्चा प्रतिनिधिमंडल की शिष्टाचार भेंट

मदन मोहन गर्ग

गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। भारतीय जनता युवा मोर्चा के युवा प्रतिनिधिमंडल ने युवा नेता नागेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गंगापुर सिटी के नव नियुक्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नारायण लाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान के तहत एएसपी नारायण लाल शर्मा को एक पौधा भेंट किया गया। साथ ही स्वामी दयानंद सरस्वती द्वारा रचित प्रसिद्ध ग्रंथ ‘सत्यार्थ प्रकाश’ भी भेंट स्वरूप प्रदान किया गया।
युवा नेता नागेश कुमार शर्मा ने बताया कि शिष्टाचार भेंट के दौरान गंगापुर सिटी में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर रोक, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा अन्य जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायण लाल शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को कानून एवं विधिक व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखने का आग्रह करते हुए आमजन की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य “आमजन में विश्वास, अपराधियों में डर” की भावना को साकार करना है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से कार्य करेगी।
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शिवा बोहरा, प्रदीप आर्य, युवा लेखक कपिल डंगोरिया, राजू गजराना सहित अन्य युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।