भीलवाड़ा में फिर गरमाया ‘डॉग हाउस’ विवाद:6 महीने में दोबारा जमा हुए 50– 60 कुत्ते, क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन कर दी अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । शहर के आजाद नगर स्थित एक मकान में बड़ी संख्या में कुत्ते रखे जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने घर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान रहवासियों ने आरोप लगाया कि कुत्तों के कारण क्षेत्र में गंदगी, बदबू और अन्य कई समस्याएं पैदा हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो वे मकान के बाहर धरने पर बैठेंगे।

स्थानीय निवासी किशन लाल शर्मा ने बताया कि आजाद नगर के वार्ड संख्या 15 स्थित मकान नंबर बी-164 में एक महिला बड़ी संख्या में कुत्ते रख रही है। उनका कहना है कि करीब छह माह पहले प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए इसी मकान से 88 जीवित और 4 मृत कुत्तों को हटाया था, लेकिन अब फिर से महिला 50–60 कुत्ते लेकर आ गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार जिला प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। कुत्तों के कारण क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और महिला द्वारा कुत्तों को मांस खिलाने से आसपास के इलाके में तेज दुर्गंध रहती है, जिससे लोगों का वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित मकान के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।