राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक भर्ती-2025: शारीरिक दक्षता परीक्षा 3 अगस्त से

लिखित परीक्षा में सफल 20,798 अभ्यर्थियों का 8 रेंज मुख्यालयों पर होगा PET, जल्द जारी होंगे प्रवेश-पत्र

जयपुर/राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर सीधी भर्ती परीक्षा- 2025 के लिखित परीक्षा परिणाम के बाद अब भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण शुरू होने जा रहा है। लिखित परीक्षा में सफल 20,798 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) 3 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक प्रदेश के विभिन्न रेंज मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी। उप महानिरीक्षक पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड मनोज कुमार ने बताया कि आरपीएससी द्वारा लिखित परीक्षा 5 एवं 6 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 19 जून 2026 को घोषित किया गया। अब पुलिस मुख्यालय स्तर पर गठित बोर्ड द्वारा लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई जाएगी।
*प्रदेश के 8 रेंज मुख्यालयों पर होगी परीक्षा*
शारीरिक दक्षता परीक्षा जयपुर (दो परीक्षा केंद्र), उदयपुर, कोटा, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर एवं अजमेर रेंज मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की गई है, ताकि शारीरिक दक्षता परीक्षा का संचालन सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
*जल्द जारी होंगे प्रवेश-पत्र*
डीआईजी श्री कुमार ने बताया कि शीघ्र ही प्रवेश-पत्र जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी इन्हें अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए प्रवेश-पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे महानिदेशक पुलिस, राजस्थान के स्थाई आदेश संख्या 10/2025 में निर्धारित पाठ्यक्रम एवं मानकों के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी रखें। अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा से संबंधित सभी सूचनाएं राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट https://www.police.rajasthan.gov.in तथा प्रमुख समाचार पत्रों के माध्यम से जारी की जाएंगी। इसलिए अभ्यर्थी नियमित रूप से राजस्थान पुलिस की वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।