अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|कृषि उपज मण्डी समिति की सहायता समिति की बैठक में किसानों और मण्डी श्रमिकों के हित में कई महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी निर्णयों पर मुहर लगाई गई। एसडीएम एवं मण्डी सचिव दिव्यांश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पीड़ित किसान परिवार को आर्थिक संबल देने के साथ-साथ श्रमिकों के कल्याण से जुड़े प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
सर्पदंश पीड़ित परिवार को 2 लाख की राहत
बैठक में ‘मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना’ के तहत बिलियावास निवासी दिवंगत विमला देवी के आश्रित पति मदन सिंह को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। उल्लेखनीय है कि विमला देवी की खेत में काम करने के दौरान सर्पदंश से मौत हो गई थी। मण्डी प्रशासन ने इसे प्रभावित परिवार के लिए बड़ी राहत बताया है।
श्रमिक कल्याण: शादी के लिए आर्थिक मदद और 9 लाइसेंस मंजूर
‘महात्मा ज्योतिबा फुले मण्डी श्रमिक कल्याण योजना’ के अंतर्गत समिति ने 3 पात्र मण्डी श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए 75-75 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की।
इसके साथ ही, मण्डी में लंबे समय से कार्यरत 9 पल्लेदारों, हमालों और तुलावारों को स्थायी अनुज्ञापत्र (लाइसेंस) जारी करने की स्वीकृति भी दी गई। इससे इन श्रमिकों को कार्य में स्थायित्व, नियमित रोजगार और मण्डी समिति की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।
पारदर्शिता और समयबद्धता प्राथमिकता: एसडीएम दिव्यांश सिंह
“कृषि उपज मण्डी समिति किसानों और श्रमिकों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुँचाना हमारी पहली प्राथमिकता है।”
