लाखेरी – स्मार्ट हलचल|लबान में गोहाटा रोड बस्ती में 2 जुलाई को सार्वजनिक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता एवं ग्राम सरपंच की मौजूदगी में नाली निर्माण के लिए खुदाई कराई गई थी। उस समय अधिकारियों द्वारा शीघ्र ही पक्की नाली का निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 20 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे बरसात के मौसम में स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण विकास मीणा ने बताया कि खुदाई के बाद नाली खुली पड़ी हुई है। बारिश के दौरान इसमें पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना रहता है। बीते दिनों एक व्यक्ति नाली में गिर गया, जिससे उसका हाथ टूट गया। वहीं गुरुवार को एक गाय भी खुली नाली में गिर गई, जिसे ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। मोहल्ले के निवासी विनोद गोचर, विकास मीना, मोडू लाल गोचर, दौलतराम, गिरिराज जांगिड़, राधेश्याम मीना का कहना है कि बरसात के दौरान नाली दिखाई नहीं देने के कारण आए दिन दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग विशेष रूप से जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग से शीघ्र पक्की नाली का निर्माण कराकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
