एआरटीओ का बड़ा एक्शन: 10 वाहन सीज, 60 का चालान; अवैध यात्री वाहनों और स्लीपर बसों पर चला अभियान

 

स्टेज कैरिज मार्ग पर नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, ओवरलोडिंग, फिटनेस फेल और परमिट उल्लंघन पर की गई कार्रवाई

 

लखीमपुर खीरी।स्मार्ट हलचल|परिवहन विभाग ने जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए शुक्रवार को कड़ी कार्रवाई की। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) शांति भूषण पाण्डेय के नेतृत्व में खमरिया, रामपुर तथा खीरी-लहरपुर रोड पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया, जिसमें 10 वाहनों को निरुद्ध (सीज) किया गया, जबकि 60 वाहनों का चालान किया गया।

एआरटीओ प्रवर्तन शांति भूषण पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान परमिट की शर्तों का उल्लंघन, क्षमता से अधिक सवारी ढोना, ओवरलोडिंग, फिटनेस प्रमाणपत्र फेल होने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

बस ऑपरेटरों की शिकायत पर चला विशेष अभियान

उन्होंने बताया कि जिला बस ऑपरेटर्स द्वारा स्टेज कैरिज मार्गों पर अनाधिकृत रूप से संचालित यात्री वाहनों की शिकायत परिवहन आयुक्त से की गई थी। शिकायत के आधार पर अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन), उत्तर प्रदेश के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य स्टेज कैरिज मार्गों पर अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा और परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर रहे यात्री वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।

स्लीपर बसें भी कार्रवाई की जद में

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित दो स्लीपर बसों के खिलाफ भी चालान और निरुद्ध करने की कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों से समझौता करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा।

स्कूल प्रबंधन और यात्रियों को चेतावनी

एआरटीओ शांति भूषण पाण्डेय ने आम नागरिकों से अपील की कि वे ओवरलोड, फिटनेस फेल या अधूरे दस्तावेजों वाले वाहनों में यात्रा करने से बचें। साथ ही स्कूल प्रबंधनों को भी निर्देश दिया कि वे ऐसे किसी वाहन से छात्र-छात्राओं का परिवहन न कराएं, जिसके फिटनेस प्रमाणपत्र या अन्य आवश्यक दस्तावेज वैध न हों। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहन से दुर्घटना होने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग ने संकेत दिए हैं कि जिले में सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।