अनिल कुमार
ब्यावर/रास।स्मार्ट हलचल|राज्य में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था स्थापित करने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री द्वारा जारी निर्देशों की पालना में ब्यावर जिले में 20 जुलाई से 20 अगस्त तक एक माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस थाना रास परिसर में पुलिस अधीक्षक रतनसिंह की अध्यक्षता में सीएलजी (CLG) सदस्यों, सुरक्षा सखियों, पुलिस मित्रों, ग्राम रक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप अधीक्षक पुलिस (वृत्त जैतारण) रमेन्द्रसिंह हाड़ा एवं थानाधिकारी मंजू मुलेवा की उपस्थिति में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर विस्तृत चर्चा हुई।
आमजन की भागीदारी से ही मजबूत होगी पुलिसिंग: एसपी
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रतनसिंह ने प्रो-एक्टिव (सक्रिय) पुलिसिंग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आपराधिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई और शांति व्यवस्था बनाए रखने में जनता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। जनप्रतिनिधि, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, पुलिस मित्र और ग्राम रक्षक पुलिस तथा आमजन के बीच एक मजबूत सेतु का काम करते हैं। इनकी सक्रियता से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
क्षेत्र की अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने वृताधिकारी जैतारण व थानाधिकारी रास को स्पष्ट निर्देश दिए कि:
संगठित अपराधों व हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाकर धरपकड़ की जाए।
मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खनन पर पूर्णतया लगाम लगाई जाए।
महिला, बाल अपराध एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी निरोधात्मक कदम उठाए जाएं।
बैठक में उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों ने भी क्षेत्र की समस्याओं से पुलिस प्रशासन को अवगत कराया, जिस पर एसपी ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
